Bones & Joints, Miscellaneous, Pain

टेनिस एल्बो ( Tennis elbow )

टेनिस एल्बो ( Tennis elbow) एक आम समस्या है, जिसमें कोहनी के बाहरी हिस्से में दर्द और सूजन होती है। यह स्थिति “Lateral epicondylitis” के नाम से भी जानी जाती है। हालांकि इसका नाम टेनिस से जुड़ा है, लेकिन यह समस्या केवल टेनिस खिलाड़ियों तक सीमित नहीं है। अब यह घरेलू काम करने वाली महिलाओं, कंप्यूटर पर काम करने वालों, और उन लोगों में अधिक देखने को मिलती है, जिनका हाथों और कलाई पर अधिक जोर पड़ता है।

मुख्य कारण

    1. हाथों और कलाई का अधिक उपयोग
      • भारी सामान उठाना।
      • झाड़ू, पोंछा, रसोई के काम या अन्य घरेलू काम में बार-बार कोहनी और कलाई का अधिक इस्तेमाल।
      • लगातार कंप्यूटर पर टाइपिंग या माउस का उपयोग।
    2. मांसपेशियों और टेंडन पर दबाव
      • कोहनी की मांसपेशियां और टेंडन (जो हड्डियों से जुड़ी होती हैं) पर अत्यधिक दबाव पड़ने से सूजन और दर्द हो सकता है।
    3. खेल और शारीरिक गतिविधियां
      • टेनिस, बैडमिंटन, क्रिकेट, वेट लिफ्टिंग या किसी भी गतिविधि में, जिसमें कोहनी और कलाई का झटके के साथ अधिक उपयोग होता है।
    4. आयु का प्रभाव
      • 30 से 50 वर्ष की उम्र में टेनिस एल्बो की समस्या ज्यादा देखने को मिलती है।

लक्षण

कोहनी के बाहरी हिस्से में सूजन व दर्द 

    • कोहनी के बाहरी हिस्से में दर्द, जो कोहनी को हिलाने से बढ़ता है।
    • कलाई से जोर लगाने या चीजें पकड़ने व उठाने में दर्द।
    • कोहनी के पास सूजन और गर्माहट।

उपचार

    • जिन कार्यों से दर्द बढ़ता है, उन्हें कुछ समय के लिए बंद कर दें।
    • कोहनी और कलाई पर अत्यधिक दबाव डालने से बचें।
    • दर्द और सूजन कम करने के लिए दिन में 2-3 बार कोहनी की गरम पानी या हीटिंग पैड से सिकाई करें। कुछ लोगों को बर्फ की सिकाई से अधिक लाभ होता है.
    • कलाई और कोहनी को मजबूत बनाने वाले व्यायाम करें।
    • अधिक परेशानी होने पर फिजियोथेरेपिस्ट की सहायता लें।
    • सूजन और दर्द को कम करने के लिए दर्द निवारक दवाएँ  (जैसे आइबुप्रोफेन) लें। डॉक्टर की सलाह से ही दवाओं का सेवन करें। दर्द निवारक क्रीम या स्प्रे भी प्रयोग कर सकते हैं.
    • कोहनी को सहारा देने के लिए  एल्बो ब्रेस (Elbow Brace) का उपयोग कर सकते हैं, जो कोहनी पर दबाव कम करने में मदद करता है।

घरेलू उपचार

    • हल्दी वाला दूध पीने और गर्म सरसों के तेल में लहसुन डालकर कोहनी की मालिश करने से कुछ लाभ हो सकता है।

इंजेक्शन और सर्जरी (गंभीर मामलों में)

    • यदि दर्द लंबे समय तक बना रहे, तो दर्द वाले स्थान में कॉर्टिकोस्टेरॉइड इंजेक्शन लगाने से मदद मिल सकती है।
    • बहुत गंभीर मामलों में सर्जरी का सहारा लिया जाता है।

टेनिस एल्बो को रोकने के उपाय

  • काम के दौरान सही मुद्रा (Posture) रखें।
  • भारी वस्तुओं को एक हाथ के स्थान पर दोनों हाथों से उठाएँ।
  • कलाई और कोहनी को मजबूत बनाने वाले नियमित व्यायाम करें।
  • जिन लोगों को टेनिस एल्बो की परेशानी नहीं है उन्हें भी इस प्रकार की सावधानियाँ रखना चाहिए।

विशेष

टेनिस एल्बो एक ऐसी समस्या है जिसे नजरअंदाज करने से स्थिति और खराब हो सकती है। सही देखभाल, सावधानी और थोड़े से उपचार से इस समस्या को नियंत्रित किया जा सकता है। अगर दर्द बना रहे या बढ़ता जाए, तो डॉक्टर से संपर्क कर के विधिवत उपचार कराना चाहिए।